अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पांडेय की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में राहवीर योजना एवं सड़क सुरक्षा मित्र योजना के अंतर्गत अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए राहवीर योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिक भी इसमें सहभागिता कर सकें। इसके साथ ही बैठक में जिले के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा की गई तथा अवैध मीडियन को हटाने एवं सड़क किनारे यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों को शीघ्र हटाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। श्री पाण्डेय ने निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां आवश्यक सुधारात्मक उपाय, संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। अपर कलेक्टर श्री पाण्डेय ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और नियमित रूप से समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाए। बैठक में पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।