अवैध रूप से संग्रहित पोषण आहार (THR) पर प्रशासन का की कार्यवाही; दो निजी गोडाउन से भारी मात्रा में राशन जप्त
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में जिले में शासकीय योजनाओं के राशन के अवैध संग्रहण और हेराफेरी के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नौगांव एवं तिरला थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे गए ‘टेक होम राशन’ (THR) के बैग जप्त किए हैं। पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO), महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तत्काल दो पृथक-पृथक टीमों का गठन किया गया। इन टीमों को संबंधित थाना क्षेत्रों के पुलिस बल के साथ चिन्हित स्थलों पर जांच हेतु रवाना किया गया। विभागीय टीम द्वारा नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम आमखेड़ा में श्री कैलाश पिता नंदराम तामकिया के डेयरी फार्म हाउस स्थित गोडाउन की जांच की गई। नजरी गिनती के दौरान यहाँ 44 बोरी पोषण आहार (THR) पाया गया। प्रशासनिक दल द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर गोडाउन को सील कर दिया गया है। आगामी वैधानिक कार्यवाही हेतु नौगांव पुलिस को सूचित किया गया है। इसी प्रकार, तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम ज्ञानपुरा में श्री धीरज शर्मा के डेयरी फार्म हाउस गोडाउन पर कार्रवाई की गई। यहाँ जांच के दौरान 24 बैग एवं 29 पैकेट पोषण आहार बरामद हुए। दल द्वारा मौके पर विधिवत पंचनामा तैयार कर राशन जप्त किया गया और इसे तिरला थाना पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया। उल्लेखनीय है कि धार जिले के देलमी स्थित आजीविका मिशन के संयंत्र से यह पोषण आहार (THR) तैयार किया जाता है, जिसे संभाग के 6 जिलों में अनुबंधित परिवहनकर्ताओं के माध्यम से भेजा जाता है। प्रारंभिक जांच में यह बिंदु महत्वपूर्ण है कि यह राशन किस जिले के लिए आवंटित था और इन निजी स्थलों तक कैसे पहुँचा। पुलिस द्वारा इस मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है, जिसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।