*जनगणना 2027 के प्रथम चरण हेतु फील्ड ट्रेनर्स का जिला स्तरीय तीन दिवसीय सघन प्रशिक्षण प्रारंभ* *प्रशिक्षण का प्रथम दिन, प्रतिभागियों को दी गई प्रारंभिक एवं तकनीकी जानकारी* *1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित होगा मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के सफल क्रियान्वयन हेतु धार जिले में फील्ड ट्रेनर्स का जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से प्रारंभ हो गया। पीएम श्री पी.जी. कॉलेज, धार (न्यू लॉ बिल्डिंग) में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की आधारभूत अवधारणाओं एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। *प्रथम दिवस पर दी गई महत्वपूर्ण जानकारी* प्रशिक्षण के पहले दिन फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना के उद्देश्य, महत्व एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित प्रारंभिक बिंदुओं, प्रपत्रों के उपयोग तथा डेटा संकलन की प्रक्रिया को समझाया गया। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रतिभागियों को मोबाइल आधारित एप्लिकेशन के माध्यम से डिजिटल डेटा संकलन की जानकारी दी गई तथा ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) की नई व्यवस्था से भी अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण के दौरान डेटा की गोपनीयता एवं शुद्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिले के कुल 84 फील्ड ट्रेनर्स को 28-28 की संख्या में तीन बैचों में विभाजित कर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रथम एवं द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 24 मार्च से 26 मार्च 2026 तक तथा तृतीय बैच का प्रशिक्षण 1 अप्रैल से 3 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर निदेशालय से मास्टर ट्रेनर श्री रघुवंश मनी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एवं नोडल अधिकारी श्री जीवन पानखेड़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। मई माह में होगा वास्तविक सर्वे कार्य-उल्लेखनीय है कि जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण के माध्यम से तैयार किए जा रहे फील्ड ट्रेनर्स जनगणना कार्य को सफल, सटीक एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे