जल शक्ति से नव भक्ति” कार्यक्रमों से जल संरक्षण का संदेश*
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, म.प्र.) के मार्गदर्शन में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत “जल शक्ति से नव भक्ति” कार्यक्रम जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देना है। ग्राम पंचायत खलघाट में नर्मदा घाट पर माँ नर्मदा जी का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर घाट परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई तथा उपस्थितजनों को जल संरक्षण का संदेश दिया गया। विकासखंड नालछा के शासकीय कन्या हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (BSW, MSW) के विद्यार्थियों, परामर्शदाताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सेवा भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की जानकारी विकासखंड समन्वयक श्री सचिन त्रिवेदी द्वारा दी गई। इसी क्रम में शासकीय महाविद्यालय बदनावर परिसर में CMCLDP स्टूडेंट्स, मेंटर्स एवं CM सोशल इंटर्न्स की उपस्थिति में वृक्ष पूजन-अर्चन किया गया तथा सभी ने जल एवं वृक्ष संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। विकासखंड गंधवानी के भारत माता चौक पर नवांकुर संस्था रोहिणी सामाजिक विकास सेवा समिति, बोरडाबरा द्वारा जल मंदिर की स्थापना कर पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा दीवार लेखन के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया तथा जल स्रोतों की साफ-सफाई कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, पदाधिकारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल का सदुपयोग करने एवं जल स्रोतों के संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।