जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य शासन की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की
केंद्रीय राज्यमंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती सावित्री ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य शासन की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। बैठक में कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा की गई। जिसमें बताया गया कि सिकल सेल स्क्रीनिंग कार्यक्रम अंतर्गत जिले में कुल 14 लाख 38 हजार 344 पंजीकृत है, जिसमें से 14 लाख 29 हजार 45 की स्क्रीनिंग की गई है। इसमें 13 लाख 89 हजार 544 नेगेटिव सिकल सेल है तथा 30 हजार 70 सिकल सेल वाहक शामिल है। बताया गया कि 12 लाख 60 हजार 786 कार्ड वितरित किये गये है। पात्र व्यक्तियों की जांच, वर्गीकरण एवं कार्ड वितरण की कार्यवाही सतत प्रगति पर है। सेल स्क्रीनिंग हेतु जिले में 472 आयुष्मान आरोग्य केन्द्र तथा प्रत्येक सिविल अस्पताल, सामुदायिक एवं प्राथमिक केन्द्र पर जांच की सुविधा उपलब्ध है। इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों को कुपोषण मुक्त किए जाने की जानकारी दी गई। राज्यमंत्री श्रीमती ठाकुर ने जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मॉडल आंगनवाड़ी स्थापित कर जिले को आदर्श बनाने के निर्देश दिए। कृषि एवं ग्रामीण विकास की समीक्षा में फसल बीमा योजना, परंपरागत कृषि विकास योजना, ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, मृदा स्परस्थ्य कार्ड, कृषि प्रौद्योगिक प्रबंधन एजेंसी योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की समीक्षा की गई। जिसमें बताया गया कि किसानों को मिट्टी परीक्षण कराने एवं कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए गांवों को आपस में बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने के निर्देश दिए गए। ऊर्जा एवं अधोसंरचना हेतु ऊर्जा विभाग को निर्देशित किया गया कि गर्मी के मौसम में किसानों को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जहां वोल्टेज की समस्या है, वहां त्वरित सुधार किया जाए। राज्यमंत्री श्रीमती ठाकुर ने National Highways Authority of India (NHAI) से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए पीथमपुर मार्ग पर घट्टाबिलोद ब्रिज के नीचे क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत एवं ब्लैक स्पॉट सुधारने के निर्देश दिए गए। रेल परियोजनाओं की प्रगति एवं हाईवे ट्रैफिक प्रबंधन की भी जानकारी ली गई। शिक्षा एवं जनजातीय विकास की समीक्षा की गई। राज्यमंत्री ने छात्रावासों में शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बालिका छात्रावासों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उन्हें संबंधित थानों से जोड़ने के निर्देश दिए। उज्ज्वला योजना के तहत अधिक से अधिक गैस कनेक्शन वितरित करने के निर्देश। बैठक में बताया गया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को चिन्हित जा रहा है। एमपीआईडीसी अंतर्गत वर्किंग वीमेन हॉस्टल की प्रगति की समीक्षा हेतु आगामी वर्ष तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। इसी प्रकार धरती आबा योजना अंतर्गत पात्र परिवारों को लाभान्वित करने की कार्यवाही। बैठक में राज्यमंत्री श्रीमती ठाकुर ने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसके लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें। राज्यमंत्री ठाकुर ने निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि चल रहे कार्य समय-सीमा में पूर्ण हों और जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक के अंत में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि जिले की विकास योजनाओं को गति देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कलेक्टर श्री मिश्रा ने आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का समय-सीमा में पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा पर्यटन विकास सहित अधोसंरचना विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।