जिले की आंगनवाड़ियों में 24 मार्च को विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिले की सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्राथमिक शाला में सहज रूप से स्थानांतरित करने एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा (ECE) को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विद्यारंभ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस पहल के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों द्वारा दी जा रही प्रारंभिक शिक्षा की महत्ता को रेखांकित किया जाएगा तथा समुदाय में इन केंद्रों को एक प्रमाणिक शैक्षणिक आधार के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। इससे अभिभावकों को भी अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी भेजने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में चतुर्थ मंगलवार, दिनांक 24 मार्च 2026 को बाल चौपाल के अवसर पर उन बच्चों की ग्रेजुएशन सेरेमनी आयोजित की जाएगी, जिन्होंने प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा पूर्ण कर ली है और अब विद्यालय में प्रवेश के पात्र हैं। इस अवसर पर बच्चों को विधिवत विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, प्राथमिक शाला के शिक्षकों एवं सहयोगी संस्थाओं को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि इस पहल को सामुदायिक सहभागिता के साथ सफल बनाया जा सके। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुभाष जैन ने बताया कि जिले में लगभग 37 हजार बच्चे 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के हैं, जिन्हें इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। इस संबंध में शासन से प्राप्त निर्देश परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रदान कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल बच्चों के विद्यालय प्रवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभाग को भी प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान प्राप्त होगी।