धार जिले की सहकारी सोसायटियों में खरीफ ऋण वितरण प्रारंभ; पहले ही दिन 55 करोड़ का बांटा गया ऋण, जिले के 6300 किसानों को मिला लाभ, 10 अप्रैल तक 500 करोड़ वितरण का लक्ष्य* *किसानों की सुविधा हेतु अवकाश के दिनों में भी कार्य कर रहा बैंक अमला
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, धार से संबद्ध जिले की सभी 94 बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) में खरीफ सीजन 2026 के लिए ऋण वितरण का कार्य योजनाबद्ध तरीके से प्रारंभ हो गया है। शासन की मंशानुसार किसानों को समय पर खाद-बीज और अन्य कृषि आवश्यकताओं हेतु राशि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पहले ही दिन उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। *पहले दिन 6300 किसान हुए लाभान्वित* खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही, जिन कृषकों द्वारा पूर्व का बकाया ऋण जमा कर दिया गया था, उन्हें पात्रता अनुसार नवीन ऋण प्रदान किया जा रहा है। ऋण वितरण के पहले दिन, 02 अप्रैल को जिले के लगभग 6300 किसान सदस्यों को 55 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। बैंक प्रबंधन ने आगामी 10 अप्रैल तक कुल 500 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बैंक एवं संस्थागत कर्मचारी अवकाश के दिनों में भी निरंतर कार्य कर रहे हैं। *ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया* उल्लेखनीय है कि खरीफ सीजन के तहत समितियों द्वारा सदस्यों को फसल, पशुपालन एवं मत्स्य पालन हेतु केसीसी (KCC) ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए किसानों को निम्नलिखित दस्तावेज समितियों में उपलब्ध कराने होते हैं: निर्धारित आवेदन फॉर्म, बोई जाने वाली प्रस्तावित फसल की जानकारी एवं नवीनतम भूमि रिकॉर्ड (खसरा-खतौनी आदि)। दस्तावेजों के सत्यापन के पश्चात नियमानुसार सदस्य की क्रेडिट लिमिट निर्धारित कर ऋण वितरण की कार्यवाही तत्काल की जा रही है। *अपील: समय पर जमा करें ऋण, पाएं नवीन लाभ* जिला सहकारी बैंक एवं समितियों द्वारा जिले के कृषक बंधुओं से अपील की गई है कि वे अपनी संबंधित संस्था में आवेदन कर नवीन ऋण प्राप्त करें। साथ ही, जिन कृषकों ने गत वर्ष का ऋण अब तक जमा नहीं किया है, वे तत्काल बकाया राशि जमा कर डिफाल्टर होने से बचें और नवीन ऋण प्राप्त कर शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।