धार जिले के एकमात्र अमर शहीद रवींद्र सिंह राठौर की प्रतिमा का राज्यपाल ने किया अनावरणशहीद के संघर्ष और बलिदान की गाथा भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा: राज्यपाल श्री पटेलबदनावर की माथुर कॉलोनी में शहीद पार्क और प्रतिमा का हुआ लोकार्पण
मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने आज धार जिले के गौरव, अमर शहीद नायब सूबेदार रवींद्र सिंह राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया। बदनावर की माथुर कॉलोनी में नगर परिषद द्वारा नवनिर्मित शहीद पार्क में आयोजित इस भव्य समारोह में राज्यपाल ने शहीद की वीरता को नमन करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
संघर्ष से शहादत तक का सफर
इस अवसर पर राज्यपाल श्री पटेल ने शहीद रवींद्र सिंह के जीवन संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्राम पाना के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे रवींद्र सिंह ने सेना में भर्ती होने के लिए लगातार तीन बार प्रयास किए। उनकी यह जिद और देश सेवा का जज्बा ही उन्हें सेना तक ले गया। 9 जुलाई 2001 को जम्मू की सुरनकोट तहसील के जंगलों में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनका बलिदान न केवल धार जिले बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
स्थानीय प्रयासों की सराहना
राज्यपाल ने नगर परिषद अध्यक्ष श्री शेखर यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शहीदों के प्रति ऐसी अटूट निष्ठा अनुकरणीय है। उल्लेखनीय है कि श्री यादव द्वारा शहीद की स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए इस पार्क और प्रतिमा का निर्माण कराया गया है। वे पूर्व में भी नागेश्वर धाम पर शहीद गैलरी का निर्माण और ज्ञात-अज्ञात शहीदों के लिए तर्पण जैसे सेवा कार्य करते रहे हैं।
वृक्षारोपण और सम्मान
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस भावुक क्षण में शहीद की पत्नी श्रीमती प्रताप कंवर और उनके परिवारजन भी उपस्थित रहे, जिनका राज्यपाल द्वारा आत्मीय सम्मान किया गया।
गरमयी उपस्थिति
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, क्षेत्रीय विधायक श्रीमती नीना वर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव सहित जिले के अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।