धार में होमगार्ड एवं SDERF जवानों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित
डायरेक्टर जनरल होमगार्ड मध्य प्रदेश के निर्देशानुसार जिला धार में होमगार्ड, SDERF के सैनिकों तथा कार्यालयीन कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आज दिनांक 30,03, 2026 सोमवार को प्रातः 11 बजे कार्यालय डिस्ट्रिक कमाण्डेंट होमगार्ड, जिला धार परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें जिला चिकित्सालय धार की विशेषज्ञ टीम ने भाग लिया।
शिविर में बड़ी संख्या में होमगार्ड के जवानों, स्वयंसेवियों एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान विभिन्न प्रकार की बीमारियों की जांच, परामर्श एवं आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण का उद्देश्य जवानों की कार्यक्षमता को बनाए रखना एवं समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करना रहा।
जिला चिकित्सालय धार से आई विशेषज्ञ टीम में डॉ. दिनेश चौधरी (मेडिसीन विशेषज्ञ), डॉ. मोहन सिंह जमरा (अस्थि रोग विशेषज्ञ), डॉ. बी. एल. पाटीदार (शल्यक्रिया विशेषज्ञ), डॉ. गरीमा वैष्णव (नैत्र रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. गौरव गुप्ता (दंत रोग विशेषज्ञ) शामिल रहे। इन सभी चिकित्सकों ने उपस्थित जवानों का बारीकी से परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में नर्सिंग स्टाफ एवं तकनीकी कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसमें श्री लालसिंह सोलंकी एवं श्रीमती प्रिया विश्वकर्मा (नर्सिंग ऑफिसर), श्री महेश जर्मन (लेब टेक टीबी) तथा श्री विशाल यादव (मल्टी स्किल्ड वर्कर) ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से न केवल जवानों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया गया, बल्कि उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में होमगार्ड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।