पर्यटन नगरी मांडव में घर घर तक पहुँच रहा है माँ नर्मदा का जल
ऐसी किवदंती है कि रानी रूपमती अपने महल से मध्यप्रदेश की जीवन रेखा नर्मदा नदी के दर्शन किया करती थीं। आज उसी ऐतिहासिक धरा मांडव में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा हर घर तक माँ नर्मदा का स्वच्छ पेयजल पहुॅचाने की दिशा में एक नई ऐतिहासिक उपलब्धि स्थापित की गई है। गौरतलब है कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी इकाई इंदौर के अंतर्गत संचालन एवं संधारण अवधि के दौरान मांडव जल प्रदाय परियोजना का कुशल संचालन निरंतर जारी है। इस परियोजना के अंतर्गत धरमपुरी जल शोधन संयंत्र से दो चरणों में पानी को लिफ्ट करते हुए लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित मांडव तक पेयजल पहुँचाया जा रहा है, जिससे पर्यटन नगरी में नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। धरमपुरी स्थित 2.4 एमएलडी क्षमता वाले जल शोधन संयंत्र से मांडव तक जल पहुँचाने के लिए लगभग 550 मीटर की ऊँचाई तक पानी लिफ्ट किया जाता है, जो तकनीकी दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस परियोजना के माध्यम से मांडव कस्बे के 1968 घरों सहित यहाँ आने वाले पर्यटकों को भी स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। कंपनी के प्रबंध संचालक संकेत भोंडवे ने कहा कि पर्यटन नगरी मांडव में सुरक्षित एवं सतत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता रही है। उन्होंने बताया कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ऊँचाई वाले क्षेत्र में जल पहुँचाना तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। यह परियोजना न केवल स्थानीय नागरिकों को सुविधा प्रदान कर रही है, बल्कि पर्यटन विकास को भी नई गति दे रही है। यह परियोजना क्षेत्र के निवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ ऐतिहासिक एवं पर्यटन महत्व वाले मांडव में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर सतत शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।