बंद करे

फिट इंडिया-हिट इंडिया” का संदेश* *खेलों में निखरी प्रतिभा: कबड्डी-खो-खो सहित विभिन्न स्पर्धाओं में विजेताओं का सम्मान

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat), धार के तत्वावधान में कैंब्रिज स्कूल परिसर में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी (पुरुष वर्ग), खो-खो (महिला वर्ग), 200 मीटर दौड़ (महिला एवं पुरुष वर्ग) तथा लंबी कूद (महिला एवं पुरुष वर्ग) सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में सरदारपुर, तिरला, मनावर, नालछा एवं धार ब्लॉकों में आयोजित ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। उन्होंने “फिट इंडिया-हिट इंडिया” का संदेश देते हुए युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कबड्डी एवं खो-खो की विजेता टीम को ₹10,000 तथा उपविजेता टीम को ₹5,000 की राशि विधायक निधि से प्रदान करने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि हॉकी संघ अध्यक्ष छोटू शास्त्री ने युवाओं को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि खेलों में भी उज्ज्वल करियर बनाया जा सकता है। प्रतियोगिताओं में 150 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला 200 मीटर दौड़ में रचना पुरोहित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पुरुष वर्ग में भविष्य चौहान विजेता रहे। कबड्डी (पुरुष वर्ग) में धार ब्लॉक की टीम विजेता रही, जबकि खो-खो (महिला वर्ग) में तिरला की टीम विजेता एवं नालछा की टीम उपविजेता रही। सभी विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा शील्ड, प्रमाण पत्र एवं माय भारत टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मेरा युवा भारत के माध्यम से इस वर्ष भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 युवा मंडलों को खेल किट वितरित की गई, जिससे वे अपने-अपने गांवों में खेल गतिविधियों को निरंतर संचालित कर सकें। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत मुख्य अतिथि द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर विपिन त्रिवेदी, प्राचार्य नवीन द्विवेदी, शारीरिक प्रशिक्षक अनिरुद्ध, अमित, प्रकाश, मोहित, तानु चौहान सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विशाल दामके द्वारा किया गया तथा आभार राहुल सिंदल द्वारा व्यक्त किया गया।

"> ');