फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के संबंध में बैठक आयोजित* *कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा आज फोटो निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा द्वारा फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के संबंध में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में फोटो निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के संबंध में आयोग के निर्धारित कार्यक्रम अनुसार 21 फरवरी 2026 को फोटो निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पांडेय, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा द्वारा बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार SIR की गतिविधि जो कि जिले में चल रही थी, वह प्रक्रिया 21 फरवरी 2026 शनिवार को पूर्ण हो गई है। उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की कार्यवाही 28 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ हुई थी । 23 दिसंबर 2025 को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया गया था, उसमें 15 लाख 83 हजार 101 मतदाता का प्रकाशन किया गया था, इसके पश्चात सूची से छुटे गए मतदाताओं या जिनको नोटिस दिया गया था, उनको सुनवाई का अवसर प्रदान किया गया, एईआरओ व ईआरओ द्वारा सुनवाई की गई। इसी अवधि में नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म 6, मतदाताओं को हटाने के लिए फॉर्म 7 व उन्हें शिफ्ट करने हेतु फॉर्म 8 लिए गए। आज मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन जारी किया गया है। 15 लाख 99 हजार 127 मतदाता का प्रकाशन किया गया है। जिसमें पुरूष मतदाता की संख्या 803702, महिला मतदाता की संख्या 795389 एवं अन्य मतदाता (र्थड जेन्डर) की संख्या 36 है। बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा द्वारा सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को मतदाता के प्रकाशन की अंतिम सूची हार्ड व सॉफ्ट कॉपी में दी गई । इसी के साथ ही उन्होंने सभी मतदाताओं व जिले की जनता से अपील की है कि यदि किसी का नाम अंतिम सूची में छूट गया हैं तो अभी भी वह ऑनलाइन इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी से अपील कर सकते है। उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की इस पूरी प्रक्रिया में लगे शासकीय अमले, राजनैतिक दलों व उनके बीएलए के योगदान के लिए सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि हमारा यह प्रयास हमारे राष्ट्र व लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।