बालिकाओं के अधिकार एवं सुरक्षा विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग धार श्री सुभाष जैन के मार्गदर्शन में हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमन अंतर्गत 25 नवंबर 2025 से 23 दिसंबर 2025 तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस एवं 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम में कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास, बदनावर में बालिकाओं हेतु बाल अधिकार, बाल विवाह निषेध, पोषण, पोक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बदनावर की अनुविभागीय अधिकारी सुश्री प्रियंका मिमरोद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। मुख्य अतिथि सुश्री प्रियंका मिमरोद द्वारा बालिकाओं को साइबर सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी दी गई। उन्होंने मोबाइल के सीमित एवं सुरक्षित उपयोग, सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने, स्वच्छता एवं संतुलित पोषण के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत शिकायत एवं कार्रवाई से संबंधित जानकारी भी प्रदान की। वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती लीला रावत द्वारा हिंसा से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं हेतु संचालित वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं—जैसे पुलिस सहायता, आश्रय, आपातकालीन सेवा, परामर्श, स्वास्थ्य एवं कानूनी सहायता—की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस हेल्पलाइन 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई। स्वास्थ्य विभाग से उपस्थित मेडिकल अधिकारी द्वारा बालिकाओं को पोषण का महत्व, भोजन से प्राप्त होने वाले प्रोटीन एवं वसा की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी गई। ममता संस्था के जिला समन्वयक श्री अमित शिंदे द्वारा पोक्सो अधिनियम, बाल अधिकार एवं तनाव प्रबंधन विषय पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि पोक्सो अधिनियम 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को लैंगिक हिंसा से सुरक्षा प्रदान करता है। साथ ही बच्चों को परीक्षा के समय तनाव कम करने हेतु अपने मन की बात शिक्षक, माता-पिता एवं मित्रों से साझा करने तथा पढ़ाई के साथ खेलकूद व रुचिकर गतिविधियों में समय देने की सलाह दी गई। कार्यक्रम के अंत में श्री पुरोहित द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन छात्रावास अधीक्षिका सुश्री सपना मिश्रा द्वारा किया गया तथा शाला प्राचार्य श्री रियाजुद्दीन खान के मार्गदर्शन में संपूर्ण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती लीला रावत एवं श्रीमती सरिता चौहान उपस्थित रहीं।