बंद करे

बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं में माहवारी प्रबंधन एवं अधिकारों पर हुई सार्थक चर्चा

जिला कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी धार श्री सुभाष जैन के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर धार द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत हेतु 100 दिवसीय विशेष अभियान तथा हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वुमन अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज धार के दौलतनगर क्षेत्र स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में महिलाओं के साथ माहवारी प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता, महिलाओं की राजनीति में भागीदारी एवं बाल विवाह रोकथाम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान सुरक्षित, स्वच्छ एवं आरामदायक तरीके से व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की जानकारी दी गई। इसमें हर 4 से 6 घंटे में सैनिटरी पैड बदलना, जननांगों की साफ-सफाई, उपयोग किए गए उत्पादों का सुरक्षित निपटान करने की विधि समझाई गई। बताया गया कि यह न केवल संक्रमण से बचाव एवं आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक है, बल्कि गर्भाशय कैंसर से बचाव के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। साथ ही बाल विवाह को समाज के लिए अभिशाप बताते हुए इसके दुष्परिणामों—मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास पर पड़ने वाले प्रभावों—की जानकारी दी गई। महिलाओं को जागरूक किया गया कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तुरंत महिला एवं बाल विकास विभाग को सूचित करें अथवा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम में यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार से संरक्षण, पॉक्सो अधिनियम 2012, बालिका शिक्षा, बालिका पोषण एवं स्वास्थ्य, तथा महिलाओं की राजनीति में सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई एवं महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त घरेलू हिंसा अधिनियम 2005 के अंतर्गत संचालित महिला ऊर्जा हेल्प डेस्क, महिला थाना, दहेज निषेध अधिनियम के तहत सहायता केंद्रों की जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से एक ही छत के नीचे पुलिस सहायता, आश्रय, आपातकालीन सहायता, परामर्श, स्वास्थ्य एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस हेल्पलाइन 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी साझा की गई। इस जागरूकता कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

"> ');