रबी विपणन वर्ष 2026-27 हेतु गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन 7 फरवरी से
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन हेतु किसानों का पंजीयन 7 फरवरी 2026 से 7 मार्च 2026 तक किया जाएगा। उप संचालक कृषि विकास विभाग ने बताया कि जिले में किसानों के पंजीयन के लिए 89 पंजीयन केंद्र सहकारी समितियों में स्थापित किए गए हैं, जहाँ किसानों का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अधिकृत एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे पर शासन द्वारा निर्धारित 50 रुपये शुल्क का भुगतान कर किसान अपना पंजीयन करवा सकते हैं। उक्त निर्देशों के परिपालन में मंगलवार को रबी विपणन वर्ष 2026-27 हेतु किसान पंजीयन को लेकर जिले के सभी 89 पंजीयन केंद्रों के ऑपरेटरों एवं समिति प्रबंधकों का प्रशिक्षण जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जिला धार के सभागृह में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सहायक आपूर्ति अधिकारी एवं प्रशिक्षक श्री दिलीप मनवारे द्वारा संपूर्ण पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उपस्थित ऑपरेटरों एवं समिति प्रबंधकों द्वारा पंजीयन से संबंधित समस्याओं एवं प्रश्नों का समाधान किया गया। प्रशिक्षण उपरांत जिले के सभी पंजीयन केंद्रों को आवश्यक पंजीयन फार्म वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला आपूर्ति अधिकारी श्री श्रीराम बरडे ने अपने उद्बोधन में बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में जिले में गेहूं का रकबा गत वर्ष की तुलना में बढ़ा है। अतः सभी समिति प्रबंधक एवं ऑपरेटर पूर्व वर्षों की भांति पूरी लगन एवं मेहनत से पंजीयन एवं उपार्जन कार्य संपादित करें। महाप्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक श्री रायकवार ने निर्देशित किया कि किसान पंजीयन के दौरान केवल एनपीसीआई से लिंक बैंक खातों को ही दर्ज किया जाए। उपायुक्त सहकारिता धार सुश्री वर्षा श्रीवास ने सभी संबंधितों को शासन के नियमों का पालन करते हुए किसान पंजीयन का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा 7 मार्च से पूर्व पंजीयन हेतु आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में म.प्र. स्टेट वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक श्री गोपालसिंह चौहान, खाद्य विभाग के सभी सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के अंत में म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन, जिला धार के जिला प्रबंधक श्री दिग्विजय सिंह चौहान द्वारा सभी उपस्थित सहभागियों का आभार व्यक्त किया गया।