राज्यपाल के बदनावर दौरे की तैयारियां तेज: कलेक्टर और एसपी ने कार्यक्रम स्थलों का लिया जायजा* *अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी हुई बारीकी से समीक्षा
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल के आगामी 05 अप्रैल को प्रस्तावित बदनावर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी ने कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया । बदनावर में एक वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर मंडी प्रांगण, बदनावर में प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होगा। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने बदनावर में हेलिपेड और सभा स्थल का जायजा लिया। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा हेलिपेड पर सुरक्षित लैंडिंग एवं आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और स्वच्छता के मानक स्तर का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने आपातकालीन सेवाएं, चिकित्सकों की उपलब्धता, वार्ड व्यवस्था, स्वच्छता एवं फायर फाइटिंग सिस्टम को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही एम्बुलेंस एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश भी दिए। इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, आवश्यक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने एवं सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। यातायात प्रबंधन के तहत पार्किंग स्थलों का निर्धारण, वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुचारू आवागमन एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिले के अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।