बंद करे

राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल की उपस्थिति में जिला रेडक्रॉस और अरविंदो हॉस्पिटल के मध्य एमओयू संपन्नधार जिले के प्रत्येक विकासखंड में हर तीन माह में आयोजित होंगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरसिकल सेल एनीमिया जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में

महामहिम राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में जिले के बदनावर मंडी प्रांगण में एक गरिमामयी कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदूर अंचलों तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिला रेडक्रॉस सोसायटी धार एवं अरविंदो आयुर्विज्ञान संस्थान, इन्दौर के मध्य एक महत्वपूर्ण अनुबंध (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।इस अनुबंध के तहत अब धार जिले के प्रत्येक विकासखंड में प्रति तीन माह में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा वृहद स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी डॉ. रमाकांत मुकुट द्वारा महामहिम का आत्मीय स्वागत करते हुए वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।

वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों का लेखा-जोखा

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी द्वारा राज्यपाल को अवगत कराया गया कि विगत वित्तीय वर्ष में जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं:

  • क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाएँ:

माह जून 2025 में कुक्षी, डही और बाग जैसे जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया गया।

  • सेवा पखवाड़ा एवं रक्तदान:

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर पीएम मित्र पार्क, भैंसोला (बदनावर) में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। साथ ही, धार शहर के लालबाग में सिकल सेल एनीमिया जागरूकता रैली निकाली गई।

  • महिला सम्मान:

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह में 91 महिलाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही, बालिका छात्रावासों में ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।

  • नवाचार:

क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के माध्यम से वाहन चालकों को आपातकालीन CPR प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। शैक्षणिक संस्थानों जैसे सरस्वती शिशु मंदिर और पोद्दार स्कूल में पोषण कार्यशाला एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

  •  

जनसहयोग और सुदृढ़ीकरण

सोसायटी की पारदर्शिता और सेवा भाव का परिणाम है कि विगत वित्तीय वर्ष में संस्था को 46,90,120 रुपये की राशि दान स्वरूप प्राप्त हुई है। इस राशि का उपयोग जिले के वंचित वर्गों के स्वास्थ्य सुधार हेतु किया जा रहा है। साथ ही, जिला रेडक्रॉस सोसायटी का पुनर्गठन कर आजीवन सदस्यों की संख्या में भी वृद्धि की गई है।

स्वच्छता अभियान

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में 14 सितंबर 2025 को नगर पालिका धार के सहयोग से देवीजी मंदिर परिसर एवं तालाब क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा, कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेढ़ा, नगर पालिका अध्यक्ष मीना शेखर यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, अन्य जनप्रतिनिधिगण, शहीद नरेंद्रसिंह राठौर के परिवार के सदस्य, जिला प्रशासन के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग का अमला और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

"> ');