वन मण्डल धार में अवैध लकड़ी परिवहन पर बड़ी कार्यवाही* *₹5 लाख के वाहन सहित ₹25 हजार की अवैध लकड़ी जब्त
वन मण्डल धार द्वारा लगातार सख्त कार्यवाही करते हुए लकड़ी तस्करों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर 16 मार्च 2026 की रात्रि में वन मण्डल अधिकारी धार श्री विजयानंथम टी.आर. के मार्गदर्शन में एक और बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी धार श्री सचिन सयदे ने बताया कि सूचना प्राप्त होने पर गश्ती एवं चेकिंग दल का गठन कर मौके पर भेजा गया। ग्राम धोलाहनुमान में पंचायत के सामने मार्ग पर जा रहे एक पिकअप वाहन को टीम द्वारा घेराबंदी कर रोका गया। वाहन क्रमांक MP13ZJ1118 की तलाशी लेने पर उसमें जामुन की अवैध लकड़ी भरी पाई गई। वाहन चालक ने अपना नाम पवन पिता धीरज निवासी ग्राम मोहनपुरा तथा वाहन मालिक का नाम असलम खान पिता बशीर खान निवासी गुलमोहर कॉलोनी, धार बताया। चालक से लकड़ी कटाई एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उसके पास कोई भी दस्तावेज नहीं पाया गया। तत्काल टीम द्वारा मौके पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए वाहन को जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय धार लाया गया। मामले में आगे की जांच कार्यवाही प्रचलित है। वाहन में लगभग 30 से 40 क्विंटल लकड़ी पाई गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 25,000 रुपये तथा वाहन का अनुमानित मूल्य लगभग 5,00,000 रुपये है। इस कार्यवाही में वन स्टाफ श्री रामसिंह कनेल, श्री गौरव तिवारी एवं श्री कमल रावत (वन रक्षक, परिक्षेत्र धार) का सराहनीय योगदान रहा।