बंद करे

विश्व टीबी दिवस पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 100 दिवसीय विशेष अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई

जिला अस्पताल धार में मंगलवार को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में टीबी (क्षय रोग) के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय विशेष अभियान को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करना रहा।
       कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा बताया गया कि शासन द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत संभावित मरीजों की पहचान, त्वरित जांच, नि:शुल्क उपचार एवं पोषण सहायता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही आमजन से अपील की गई कि टीबी के लक्षण जैसे लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।
      इस अवसर पर टीबी रोगियों को पोषण सहयोग प्रदान करने हेतु फूड बास्केट वितरित किए गए। साथ ही आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की गई, जिससे रोग की समय रहते पहचान सुनिश्चित हो सके और उपचार शीघ्र प्रारंभ किया जा सके।
        कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अध्यक्षता में सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीबी उन्मूलन के लिए सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी, नियमित जांच और उपचार से ही टीबी मुक्त समाज का निर्माण संभव है।
       कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला क्षय अधिकारी, समस्त चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, एनटीईपी (NTEP) के कर्मचारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
       कार्यक्रम के अंत में नागरिकों से अपील की गई कि वे टीबी के प्रति जागरूक रहें, लक्षणों को नजरअंदाज न करें तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही नि:शुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाकर टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग करें।

"> ');