सिकल सेल एनीमिया का उन्मूलन एक साझा जिम्मेदारी, “सबका साथ-सबका विकास” से ही संभव होगा समाधान: राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेलडिजिटल कार्ड से मिलेगी मरीजों को सुगम उपचार की सुविधाजागरूकता के लिए बनाए जा रहे हैं “सिकल सेल मित्र
राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने आज बदनावर प्रवास के दौरान मंडी प्रांगण स्थित मेगा स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम में सिकल सेल एनीमिया के उन्मूलन को एक जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र को अपनाकर ही इस अनुवांशिक बीमारी को समाज से दूर किया जा सकता है।
राज्यपाल श्री पटेल ने बताया कि प्रदेश में सिकल सेल के विरुद्ध अभियान को गति देते हुए अब तक कुल 1 करोड़ 31 लाख जांचें सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि चूँकि यह समस्या मुख्य रूप से जनजातीय समुदायों में व्याप्त है, इसलिए समाज के हर वर्ग को इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।
संबोधन के दौरान राज्यपाल ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाते हुए मरीजों के लिए डिजिटल कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे मरीजों का स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा, जिससे उपचार में सुगमता होगी। इसके साथ ही, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने और मरीजों की सहायता करने हेतु ‘सिकल सेल मित्र’ तैयार किए जा रहे हैं, जो इस मिशन में सेतु का कार्य करेंगे।
राज्यपाल ने अपील की कि सिकल सेल के प्रति किसी भी प्रकार की भ्रांति न पालें और केवल पंजीकृत चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार ही दवाइयों का नियमित सेवन करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बीमारी को निरंतर उपचार और सही जानकारी के माध्यम से ही नियंत्रित किया जा सकता है।
राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल के बदनावर आगमन के अवसर पर रविवार को मंडी प्रांगण, बदनावर में रेड क्रॉस सोसाइटी एवं जिला स्वास्थ्य समिति धार के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
इसी अवसर पर राज्यपाल श्री पटेल द्वारा सिविल अस्पताल, बदनावर के नवीन भवन का लोकार्पण भी किया गया। जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को आधुनिक एवं सुदृढ़ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।इस स्वास्थ्य शिविर में एमजीएम मेडिकल कॉलेज, इंदौर, अरविंदो अस्पताल, इंदौर, सिविल अस्पताल, बदनावर, जेटीपी अस्पताल, बदनावर एवं श्री विनायक अस्पताल, धार के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की निःशुल्क जांच एवं उपचार सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में कुल 688 मरीजों का पंजीयन एवं उपचार किया गया, जिसमें 384 महिलाएं एवं 304 पुरुष शामिल रहे। शिविर के दौरान विभिन्न रोगों की जांच एवं सेवाओं का विवरण किया गया। इनमें सामान्य ओपीडी: 399,, उच्च रक्तचाप (बीपी) के मरीज: 36, मधुमेह (डायबिटीज) के मरीज: 27, स्त्री रोग संबंधी मरीज: 187 टीबी के मरीज: 11 तथा नेत्र रोग के मरीज: 28 मरीजों को वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त जनहित में कई महत्वपूर्ण सेवाएं भी प्रदान की गईं, इनमें आयुष्मान कार्ड निर्माण: 36, आभा (ABHA) आईडी निर्माण: 36, सिकल सेल जांच: 20, रक्तदान: 12 यूनिट, लैब जांच: 70 मरीज शामिल थे।इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी चिकित्सा संस्थानों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा, कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेढ़ा, नगर पालिका अध्यक्ष मीना शेखर यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, अन्य जनप्रतिनिधिगण, शहीद नरेंद्रसिंह राठौर के परिवार के सदस्य, जिला प्रशासन के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग का अमला और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।