आठवे राष्टीय पोषण पखवाड़ा का शुभारम किया गया
आठवे राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा का आज विकासखण्ड तिरला में परियोजना स्तरीय आयोजन ग्राम सलकनपुर में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुभाष जैन, सरपंच श्रीमती लक्ष्मी मोहिने तथा शौर्य दल अध्यक्ष श्रीमती निर्मला जाट की उपस्थिति में किया गया। राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा का आयोजन 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री प्रियकं मिश्रा के मार्गदर्शन अनुसार पखवाड़े के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। महिला बाल विकास भोपाल से दिये गये निर्देश अनुसार पोषण पखवाडा की मुख्य थीम ‘‘जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क का अधिकतम विकास’’ निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जैन द्वारा बताया गया कि वैज्ञानिक प्रमाणों के अनुसार मनुष्य के मस्तिष्क का 85 प्रतिशत विकास जन्म से 6 वर्ष की आयु तक संभावित होता है। उक्त के दृष्टिगत 8 वें पोषण पखवाड़े का उद्देश्य परिवारों और समुदायों में उन व्यवहारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है जो बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हों।
पोषण पखवाड़ा के आयोजन हेतु मुख्य 05 गतिविधियों जैसे मातृ एवं शिशु पोषण, जन्म से 03 वर्ष के बच्चों के मस्तिष्क विकास हेतु प्रारम्भिक प्रोत्साहन, 3 से 6 वर्ष की प्रारम्भिक आयु हेतु खेल आधारित शिक्षा, स्क्रीन टाइम में कमी लाने हेतु परिवार एवं समुदाय की भूमिका एवं सशक्त आंगनवाड़ी निर्माण में समुदाय का सहयोग को सम्मिलित किया गया है । श्री जैन द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि मध्यप्रदेश शासन भोपाल द्वारा पोषण पखवाड़ा का दिनांकवार कैलेण्डर भी प्रेषित किया गया है उस कैलेण्डर अनुसार गतिविधियां आयोजित की जायेगी।
कार्यक्रमों को जन आन्दोलन बनाये जाने हेतु समुदाय से सहयोग की भी अपील की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा विभाग के इस अभियान में पूर्ण सहयोग देने की बात कही। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं द्वारा पोषण से संबंधित प्रश्न पूछे गये जिनके उत्तर श्री जैन तथा पर्यवेक्षक श्रीमती राखी देवड़ा द्वारा दिये गये । कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्राम की महिला, पुरूष, बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आरम्भ रैली निकालकर किया गया तथा सभा के रूप में समापन किया गया, जिसमें पोषण से संबंधित चर्चा की गई ।