इंदौर संभाग स्तरीय शैक्षणिक प्रदर्शनी में सांदीपनि विद्यालय धार का उत्कृष्ट प्रदर्शन
शासकीय सांदीपनि विद्यालय, धार के विद्यार्थियों ने डाइट इंदौर में आयोजित संभाग स्तरीय शैक्षणिक प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन विभिन्न विद्याओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रदर्शनी राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें इंदौर, बड़वानी, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खंडवा, खरगोन एवं बुरहानपुर जिलों के चयनित विद्यालयों ने सहभागिता की। संभाग स्तरीय निर्णायक समिति के अनुसार विज्ञान विषय अंतर्गत उभरती प्रौद्योगिकी उप-कथानक पर आधारित कक्षा 8वीं के छात्र देवांश एलवेंड का चलित सोलर ट्रैकिंग मॉडल प्रथम स्थान पर रहा। इसी प्रकार भूगोल विषय में कक्षा 8वीं की छात्रा कु. गीत सोलंकी द्वारा तैयार सेंसर आधारित मृदा नमी नियंत्रण प्रणाली मॉडल को भी संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। दोनों मॉडल राज्य स्तर की शैक्षणिक प्रदर्शनी के लिए चयनित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सांदीपनि विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नारी सशक्तिकरण विषयक लघु नाटिका को भी संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जिसकी प्रस्तुति को निर्णायक मंडल एवं दर्शकों द्वारा सराहा गया। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. स्मृति रत्न मिश्र ने विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए बताया कि विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं सामाजिक सरोकारों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया है। उपरोक्त मॉडलों की मार्गदर्शक शिक्षिकाएँ श्रीमती कुसुम लश्करी, श्रीमती निशा वर्मा एवं श्रीमती मेघना शर्मा रहीं, जबकि नाटिका का संयोजन श्रीमती प्रीतिबाला सक्सेना द्वारा किया गया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त श्री नरोत्तम बरखड़े, जिला शिक्षा अधिकारी श्री केशव वर्मा, जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रदीप खरे सहित संबंधित अधिकारियों एवं पालकों ने शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।