उद्यमशीलता के माध्यम से भारत को पुनः सोने की चिड़िया बनाएंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव हमारी “सर्वे भवंतु सुखिनः” की सनातन संस्कृति को चरितार्थ करते हैं, उद्योगपति शहडोल कॉन्क्लेव में 32,520 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में उद्यमशीलता के माध्यम से भारत को पुनः सोने की चिड़िया बनाएंगे। वर्ष 2014 में जब मोदी जी की सरकार बनी थी, भारत की अर्थव्यवस्था के समक्ष गंभीर चुनौतियां थीं। भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था। हमने अपनी आंतरिक शक्तियों, अनंत संभावनाओं को पहचाना और आज हम आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी तेज गति से विकास हो रहा है। हमारा मध्यप्रदेश 9 करोड़ का परिवार है और आने वाले 5 वर्षों में हम अपनी जीडीपी को दोगुना करने वाले हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उद्योगपति हमारी “सर्वे भवंतु सुखिनः” की सनातन संस्कृति को चरितार्थ करते हैं। जिस प्रकार एक योद्धा युद्ध में देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पण कर देता है उसी प्रकार एक उद्यमी कई परिवारों का भला करता है। यदि हम सभी अपनी-अपनी भूमिका को ठीक ढंग से निभाएं तो सभी का कल्याण होगा और देश तरक्की करेगा। अपने लिए जिए तो क्या जिए, तू जी ए दिल जमाने के लिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरलता, सुगमता के साथ व्यापार व्यवसाय हमारी औद्योगिक नीति है। राज्य में उद्योगों के अनुकूल वातावरण है। हम उद्योगों को सहकार, सहयोग और सम्मान देते हैं। राज्य में औद्योगिक श्रमिकों की कोई परेशानी नहीं है। पर्यटन, आईटी सेक्टर और रेडीमेड गारमेंट्स आदि क्षेत्रों में उद्योगों को विशेष इंसेंटिव दिए जाते हैं। रेडीमेड गारमेंट्स में 200 प्रतिशत तक मदद दी जाती है और 10 वर्ष तक 5 हजार रूपये प्रति मजदूर इंसेंटिव भी दिया जाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में एक-एक युवा को उसकी योग्यता और दक्षता के अनुरूप रोजगार मिलेगा। मध्यप्रदेश में पिछले कुछ समय में 6 रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव आयोजित किये गए हैं, जिनमें 04 लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आया है, और इनके माध्यम से 3 लाख लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। मध्यप्रदेश में 24 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव आयोजित की जा रही है। विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को तलाशते हुए, सभी विभाग अपनी नीतियां बना रहे हैं, जो शीघ्र ही तैयार हो जाएंगी। प्रदेश में नव उद्यमिता (स्टार्ट्सअप) को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने स्टार्ट्सअप दिवस की सभी को बधाई दी।
धार जिले के पीथमपुर के निर्यात भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि धार जिले में उद्योग स्थापना के लिए बेहतर वातावरण है। सड़क के कनेक्टिविटी तो है ही अब रेलवे के ज़रिए आवागमन और आसान होगा। यहाँ लगातार नए उद्योग आ रहे हैं। पीएम मित्रा पार्क भी बन रहा है। जिला प्रशासन उद्योगों के सपोर्ट के लिए तत्पर है। जो भी नए उद्योगपति अपना उद्योग स्थापित कर रहे हैं उनको शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योगपतियों से की वन-टू-वन चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए शहडोल में आयोजित आरआईसी में विभिन्न उद्योगपतियों और उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन चर्चा की। खनन के क्षेत्र में कार्य कर रही शारदा एनर्जी एंड मिनरल्स के सीएमडी श्री कमल किशोर शारदा ने ग्रीनफील्ड परियोजना के तहत एकीकृत स्टील प्लांट स्थापित करने की जानकारी दी। इसके लिए लगभग 500 एकड़ भूमि अलॉटमेंट किए जाने की बात मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सामने रखी। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ यादव को प्रदेश में निवेशकों को बेहतर माहौल तैयार करने के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आश्वस्त किया कि निवेशकों को सभी तरह का सहयोग सरकार देगी। प्रदेश में ऊर्जा सेक्टर में निवेश की असीम संभावनाओं को देखते हुए टॉरेंट पॉवर के वाईस प्रेसिडेंट श्री नवीन सिंह ने 18 हज़ार करोड़ रुपये के निवेश से 800 मेगावाट के ताप विद्युत परियोजनाएँ स्थापित करने की इच्छा ज़ाहिर की। उन्होंने बताया कि इससे लगभग 7 हज़ार व्यक्तियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोज़गार मिलेगा।
इसी प्रकार रिलायंस ग्रुप बिज़नेस हेड (कोल बेस्ड मीथेन) श्री रवि कुमार प्रेक्की ने बातचीत के क्रम में मीथेन गैस निष्कर्षण के लिए अपनी आगामी कार्यिजना के बारे में बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादवने कहा कि निवेशक भरोसे के साथ निवेश करें सरकार द्वारा हर संभव मदद की जाएगी।
वन-टू-वन चर्चा के क्रम में गंगा खनिज डायरेक्टर श्री अशोक कुमार चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को उनकी ऊर्जा,खनन के क्षेत्र में प्रस्तावित परियोजनाओं एवं प्रदेश में भविष्य की निवेश गतिविधियों के संबंध में बताया। श्री बजरंग पॉवर एवं इस्पात के एमडी श्री नरेंद्र गोयल ने खनन क्षेत्र में निवेश करने की रुचि अभिव्यक्त की। इसमें स्टील कॉम्प्लेक्स स्थापित कर इसके माध्यम से 15 सौ से अधिक रोज़गार सृजन होने की जानकारी दी। श्री गोयल ने प्रदेश में निवेशकों को सकारात्मक और निवेश प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव को शाल भेंट की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डीडीटीसी एक्ज़िम के सीएमडी श्री उमाशंकर अग्रवाल से चर्चा की। श्री अग्रवाल ने टेक्सटाइल इंडस्ट्री में एकीकृत टेक्सटाइल मिल स्थापित किए जाने पर योजना से अवगत कराया इस परियोजना से लगभग 5 हज़ार से अधिक व्यक्तियों को रोज़गार प्राप्त होगा। उक्त परियोजना के क्रियान्वयन में शासन से प्राप्त होने वाली समस्त अनुमति के सरलीकरण पर चर्चा की। वन-टू-वन चर्चा के क्रम में ओरिएंट पेपर मिल के एमडी एवं सीईओ श्री अनंत अग्रवाल ने प्रदेश में प्रस्तावित परियोजनाओं के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बातचीत कर पेपर निर्माण इकाई के विस्तारीकरण और उसके आधुनिकीकरण के बारे में अवगत कराया। इसी तरह खनन सेक्टर के क्षेत्र में निवेश करने की इच्छा महावीर कोल रिसोर्सेस के डायरेक्टर श्री अनुराग जैन, आर.के. ग्रुप के सीईओ श्री राजेंद्र कुमार शुक्ला एवं जेएमएस माइनिंग के डायरेक्टर श्री कल्याण कुमार हज़रा ने मुख्यमंत्री डॉ यादव से ज़ाहिर की।
खेल जगत में प्रदेश का नाम रोशन करने वाली क्रिकेटर सुश्री पूजा वस्त्रकार ने प्रदेश में खेल कूद को बढ़ावा देने और खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया। वन-टू-वन चर्चा के क्रम में खाद्य प्रसंस्करण सेक्टर की ग्रेनोक्सी के फाउंडर श्री शुभम तिवारी ने वर्तमान में संचालित मिलेट प्रसंस्करण इकाई के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि कंपनी मोटे अनाज का निर्यात करने विदेशों से ऑर्डर प्राप्त हो रहे हैं। ग्रीनवुड सोलर सोल्यूशन के सीईओ श्री अनिकेत लाड ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में असीम संभावनाओं को देखते हुए सोलर पैनल निर्माण प्लांट स्थापित किए जाने की कार्ययोजना रखी।