ओलंपियाड परीक्षा में धार विकासखंड का रहा जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन जिले के 18 चयनित विद्यार्थियों में से 14 धार विकासखंड के
ओलंपियाड परीक्षा में धार विकासखंड का रहा जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन जिले के 18 चयनित विद्यार्थियों में से 14 धार विकासखंड केधार, 3 फरवरी 2026। राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल द्वारा आयोजित जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिले के 13 विकासखंडों की शालाओं से कुल 18 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें से सर्वाधिक 14 विद्यार्थी धार विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों से चयनित हुए हैं। इस उपलब्धि के साथ धार विकासखंड जिले में प्रथम स्थान पर रहा है। धार विकासखंड के बीआरसी श्री भरत राज सिंह राठौर ने बताया कि चयनित 14 विद्यार्थियों में से सर्वाधिक विद्यार्थी शासकीय सांदीपनि विद्यालय, धार के हैं। विद्यालय के कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों—कृष्णा चौधरी, देवांश एलवेंडे, प्रज्ञा चौहान, दृष्टि प्रजापत, लाभांश रघुवंशी, अनिल मेड़ा, जीविशा नवले, तोशिका मालवीय एवं लतिका पाटीदार ने विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त शासकीय भोज कन्या विद्यालय धार, शासकीय कन्या विद्यालय केसूर, शासकीय विद्यालय बिजुर तथा घाटाबिल्लौद के विद्यार्थियों का भी चयन हुआ है। उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन 16 एवं 17 जनवरी 2026 को किया गया था, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 2 लाख विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से प्रत्येक विषय एवं कक्षा के एक-एक प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों एवं उनके शिक्षकों को जिला स्तर पर आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त श्री नरोतम बरखड़े, जिला शिक्षा अधिकारी श्री केशव वर्मा, जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रदीप खरे, प्राचार्य डॉ. स्मृति रत्न मिश्र एवं बीएसी श्री देवेंद्र दीक्षित ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।