औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था धामनोद में 6 अप्रैल को लगेगा रोजगार मेला 5वीं से स्नातक और आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
धार जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 6 अप्रैल 2026 को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) धामनोद में एक वृहद रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिस मेला (युवा संगम) आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम एस.ओ.पी. के तहत जिला रोजगार कार्यालय, प्राचार्य आईटीआई, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) तथा अग्रणी जिला बैंक (लीड बैंक) धार के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां सम्मिलित होंगी, जो साक्षात्कार के माध्यम से पात्र युवाओं का चयन कर उन्हें नियुक्ति प्रदान करेंगी। रोजगार मेले में सम्मिलित होने के लिए आवेदकों की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता के रूप में 5वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक तथा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस मेले का लाभ उठा सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार 6 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों एवं उनकी छायाप्रतियों के साथ शासकीय आईटीआई धामनोद में उपस्थित हो सकते हैं।
विस्तृत जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय धार अथवा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था धामनोद में कार्यालयीन समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है।