कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रियंक मिश्रा ने किया ईव्हीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिले में ईव्हीएम (EVM) एवं व्हीव्हीपीएटी (VVPAT) मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा त्रैमासिक निरीक्षण की कार्यवाही की गई।
इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा द्वारा चाणक्यपुरी स्थित ईव्हीएम एवं व्हीव्हीपीएटी वेयरहाउस का निर्धारित प्रक्रिया के तहत ताला खोलकर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस के लॉक सिस्टम को अधिकृत अधिकारियों एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया, जिससे प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा उपकरण, प्रवेश एवं निकास रजिस्टर, सील की स्थिति तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का विस्तृत परीक्षण किया।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में ईव्हीएम वेयरहाउस की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः समय-समय पर नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की कार्यवाही की जाती है । इस दौरान निर्वाचन सुपरवाइजर, संबंधित विभागीय अधिकारी, सुरक्षा स्टाफ तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।