कलेक्टर की अध्यक्षता में RESCO मॉडल अंतर्गत प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन संबंधी बैठक आयोजित
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में RESCO मॉडल के तहत प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PMSG-MBY) के प्रभावी एवं सुचारु क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अधीक्षण यंत्री, संभागीय ऊर्जा विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। RESCO मॉडल के माध्यम से आम नागरिक अपने घरों की छतों पर 1 किलोवाट से 10 किलोवाट क्षमता तक के सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कर सकते हैं, जिस पर भारत सरकार द्वारा अनुदान प्रदान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि 2 किलोवाट तक की क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र पर प्रति किलोवाट ₹30,000 तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर कुल ₹78,000 तक का अनुदान दिया जाता है। प्रति किलोवाट सोलर रूफटॉप संयंत्र से औसतन प्रतिवर्ष लगभग 1,300 यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन होता है। नेट मीटरिंग के माध्यम से ग्रिड से संयोजित होने पर मासिक बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है।
यह भी बताया गया कि घरेलू खपत से अधिक उत्पादित बिजली की खरीदी विद्युत वितरण कंपनी द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार की जाती है। सोलर संयंत्र की स्थापना से कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना हेतु राज्य शासन की विद्युत कंपनियों द्वारा वेंडरों का पंजीयन किया गया है। आवेदन केवल भारत सरकार के अधिकृत पोर्टल https://pmsuryaghar.gov.in/ के माध्यम से ही किए जाएं। संयंत्र के ग्रिड से जुड़ने के पश्चात अनुदान की राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में जमा की जाती है। अधिक जानकारी एवं किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचने हेतु विद्युत वितरण कंपनी अथवा मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम से संपर्क करने की सलाह दी गई।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के एक घटक के रूप में प्रत्येक जिले में एक आदर्श सौर ग्राम (Model Solar Village) की स्थापना की जाएगी। इसके तहत जिले में सिंघाना ग्राम का चयन किया गया है। चयनित ग्राम में प्रत्येक घर में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे।
इसी के साथ ही म.प्र. ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड की किसान हितैषी कुसुम योजना ‘अ’, ‘ब’ एवं ‘स’ के अंतर्गत इच्छुक ग्रामवासियों को लाभान्वित किया जाएगा तथा अक्षय ऊर्जा से संबंधित अन्य योजनाओं का भी क्रियान्वयन किया जाएगा। विद्युत विभाग के कर्मचारियों को ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों को सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने हेतु प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में सौर ऊर्जा परियोजनाओं को गति मिल सके। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।