गेल द्वारा प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क पर 12 मार्च को मॉक ड्रिल आयोजित होगी* *मॉक ड्रिल का आयोजन ग्राम मूल्थान, तहसील बदनावर में सुबह 11 बजे होगा
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं आपदा प्रबंधन योजना के अंतर्गत प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क पर संभावित आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों का परीक्षण करने के उद्देश्य से 12 मार्च 2026 को ऑफ-साइट इमरजेंसी मॉक ड्रिल (लेवल-3) का आयोजन किया जाएगा। गेल (इंडिया) लिमिटेड भारत सरकार के उपक्रम के रूप में प्राकृतिक गैस के परिवहन एवं वितरण के क्षेत्र में कार्यरत एक प्रमुख महारत्न कंपनी है। कंपनी द्वारा मध्यप्रदेश में स्थापित प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क के सुरक्षित संचालन के लिए समय-समय पर आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की प्रभावशीलता जांचने हेतु ऐसे अभ्यास आयोजित किए जाते हैं। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) तथा आपदा प्रबंधन योजना के प्रावधानों के अनुरूप प्राकृतिक गैस पाइपलाइन से जुड़े संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाता है, ताकि आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मॉक ड्रिल 12 मार्च 2026 को प्रातः 11 बजे आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास गेल एचवीजे पाइपलाइन के सीएच नंबर 377.000 किलोमीटर पर, सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं पीएचसी परिसर के समीप, ग्राम मूल्थान, तहसील बदनावर, जिला धार में किया जाएगा। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने, आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता को परखने तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारी निर्धारित समय पर अपनी टीम के साथ उपस्थित होकर मॉक ड्रिल में भाग लेंगे तथा आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने में सहयोग प्रदान करेंगे ।