ग्राम मियापुरा (नालछा) में “जल अर्पण दिवस” के अंतर्गत गर्व का पर्व, हर घर नल से जल कार्यक्रम आयोजित
जल जीवन मिशन अंतर्गत जल अर्पण दिवस एवं स्वामित्व का उत्सव कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विकासखंड नालछा के ग्राम मियापुरा में “जल अर्पण दिवस – गर्व का पर्व, हर घर नल से जल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामवासियों के सक्रिय सहयोग से विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम के दौरान जल वंदना के साथ ग्राम में सुरक्षित पेयजल एवं स्वच्छता के संदेश को सशक्त करते हुए क्रियान्वित नलों को पुष्पों से सुसज्जित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं, ग्राम पंचायत सरपंच, उपसरपंच एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा नल पूजन किया गया तथा भजन-कीर्तन के माध्यम से पूजा-अर्चना की गई। इसी क्रम में ग्रामवासियों को नल जल योजना एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालय के बच्चों, ग्राम की महिलाओं, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों, पंप ऑपरेटर तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्कूल रैली एवं कलश यात्रा का आयोजन कर ग्राम में रैली निकाली गई। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।