बंद करे

जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण कार्य की तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा

भारत सरकार के गृह मंत्रालय अंतर्गत जनगणना संचालनालय, मध्यप्रदेश द्वारा जनगणना 2027 के प्रथम चरण में प्रस्तावित मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की तैयारियों की समीक्षा के लिए 10 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में जनगणना कार्य से संबंधित विभिन्न तैयारियों एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत प्रदेश में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य किया जाएगा। इसके लिए जिला, तहसील एवं नगरीय निकाय स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनगणना कार्य से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। इसके अंतर्गत 16 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक जिला अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, जनगणना लिपिकों एवं तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसके पश्चात 2 मार्च 2026 से 13 मार्च 2026 तक एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन के लिए CMMS (Census Management and Monitoring System) पोर्टल पर जिला एवं चार्ज स्तर के एडमिन अकाउंट बनाए जा रहे हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की आवश्यक जानकारी 25 फरवरी 2026 तक उपलब्ध कराई जाने तथा चार्ज स्तर के अधिकारियों की सूची भी निर्धारित समय-सीमा में तैयार किए जाने के निर्देश दिए। जनगणना कार्य के लिए मास्टर ट्रेनर्स की सूची 20 फरवरी 2026 तक तैयार कर संचालनालय को भेजी जा चुकी है। इसी प्रकार प्रगणक एवं पर्यवेक्षक (Enumerator एवं Supervisor) की सूची 28 फरवरी 2026 तक तैयार करने तथा उन्हें पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के नाम 9 मार्च 2026 तक बल्क अपलोड किए जाने की प्रक्रिया भी पूर्ण की जा रही है। इसके अलावा जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) का गठन किया जा रहा है तथा 15 फरवरी 2026 से 15 मार्च 2026 तक HLBC वेब मैपिंग एप्लीकेशन के माध्यम से इन ब्लॉकों को चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। बैठक में बताया गया कि जनगणना कार्य के लिए मास्टर ट्रेनर्स का चार दिवसीय प्रशिक्षण 16 मार्च 2026 से 19 मार्च 2026 तथा 17 मार्च 2026 से 20 मार्च 2026 तक भोपाल में आवासीय मोड में आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण 11 अप्रैल 2026 तक जिला स्तर पर तथा प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 24 अप्रैल 2026 तक चार्ज स्तर पर आयोजित किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जनगणना 2027 की तैयारियों की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक सप्ताह टीएल बैठक में चर्चा की जाए तथा जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक प्रतिमाह आयोजित कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंस में जिला स्तर से संबंधित अधिकारियों ने भाग लेते हुए अपने-अपने जिलों में जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण कार्य की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करते हुए जनगणना कार्य की तैयारियों को प्राथमिकता के साथ संपन्न किया जाए, ताकि आगामी फील्ड कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। इस दौरान जिले से अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी धार वीसी कक्ष से उपस्थित रहे।

"> ');