जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश
अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पांडेय द्वारा जिला मुख्यालय पर आज मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। आज की जनसुनवाई में कुल 79 समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पांडेय ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में अनुकंपा, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, राजस्व प्रकरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री योजनाएं, आवास, पेंशन, भूमि अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
अपर कलेक्टर श्री पांडेय ने प्राप्त आवेदनों का विभागवार अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का शीघ्र एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदकों को संतोषजनक निराकरण किया जाए। जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।