जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत ग्राम सुन्द्रैल में भूमि सुपोषण एवं संरक्षण कार्यक्रम आयोजित ग्रामीणों ने विधि-विधान से पूजन कर दिया जल एवं मृदा संरक्षण का संदेश
मुख्यमंत्री की मंशानुसार प्रदेशव्यापी “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत जिले में जल स्रोतों के पुनर्जीवन और मृदा स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता गतिविधियां निरंतर जारी हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में धरमपुरी विकासखंड के ग्राम सुन्द्रैल में सोमवार को भूमि सुपोषण एवं संरक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्रीमती कविता ठाकुर के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस अवसर पर स्थानीय आंगनवाड़ी परिसर में ग्रामीण दंपत्ति द्वारा विधि-विधान से भूमि पूजन कराया गया। इस धार्मिक एवं सामाजिक अनुष्ठान के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण और भूमि की उर्वरता बनाए रखने (भूमि सुपोषण) के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के श्री पंकज मलतारे सहित जन अभियान परिषद के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने सक्रिय सहभागिता की। उपस्थित जनसमुदाय ने सामूहिक रूप से जल स्रोतों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया।