जेतपुरा सेक्टर में प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण संपन्न* *ग्रामीण विकास एवं स्वावलंबन पर हुआ मंथन
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला धार के तत्वावधान में जेतपुरा सेक्टर (विकासखंड धार) की प्रस्फुटन समितियों के लिए एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन धार-इंदौर रोड स्थित होटल राजनंदनी सेजवानी में किया गया। प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, ग्राम विकास तथा स्वावलंबन के विषय में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। प्रशिक्षण सत्रों में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। जिला समन्वयक श्री नवनीत रत्नाकर ने परिषद की परिकल्पना, स्वैच्छिकता तथा सामूहिक स्वावलंबन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं श्री सचिन कुमार शिम्पी ने समग्र ग्राम विकास की अवधारणा और समाज की सहभागिता से होने वाले परिवर्तन पर विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा श्री वैभव निगम ने स्वयंसेवी संस्थाओं के गठन एवं उनके प्रभावी संचालन की प्रक्रिया समझाई, जबकि श्री पुनीत जैन ने प्रस्फुटन समितियों के सुव्यवस्थित दस्तावेजीकरण एवं अभिलेख संधारण की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती माया पंडार द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के अंत में सभी सहभागी प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अंत में श्री वैभव निगम ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण में प्रत्येक समिति से अध्यक्ष, सचिव, जनप्रतिनिधि सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।