बंद करे

धार जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून का प्रभावी क्रियान्वयन, COTPA अनुपालन में 80 प्रतिशत से अधिक स्कोर

कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 2003 (COTPA) की धारा 4, 5, 6 एवं 7 के अनुपालन संबंधी एंडलाइन कंप्लायंस असेसमेंट अध्ययन के निष्कर्ष प्रस्तुत करने हेतु कलेक्टर सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई।बैठक में मध्यप्रदेश वॉलन्ट्री हेल्थ एसोसिएशन के परियोजना समन्वयक श्री आनंद वर्मा द्वारा COTPA अधिनियम के अनुपालन पर किए गए अध्ययन के निष्कर्ष प्रस्तुत किए गए। यह अध्ययन स्वतंत्र एजेंसी इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क द्वारा किया गया।
     बैठक के दौरान बताया गया कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगरीय निकाय, पंचायत, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित संस्था के संयुक्त प्रयासों से जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की गईं। इसके अंतर्गत जिला एवं विकासखंड स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन, भारत सरकार द्वारा जारी तंबाकू मुक्त गांव की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार पंचायत स्तर पर हितधारकों का उन्मुखीकरण, समुदाय आधारित जागरूकता कार्यक्रम तथा समय-समय पर प्रवर्तन दल द्वारा निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई। इसके साथ ही आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों एवं संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान भी चलाए गए।
      अंतिम अनुपालन सर्वेक्षण के आधार पर यह निष्कर्ष सामने आया कि धार जिले ने 80 प्रतिशत से अधिक स्कोर प्राप्त करते हुए COTPA अधिनियम की धारा 4, 5, 6(अ) एवं 7 का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया है। यह उपलब्धि जिले में तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में किए जा रहे समन्वित प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।
           कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों को बनाए रखने तथा उन्हें और अधिक सुदृढ़ करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निरंतर कार्य करना आवश्यक है, जिससे जिले में तंबाकू नियंत्रण कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।इस अवसर पर जिले के समस्त विभागों की ओर से कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा को उनके नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता सिंगारे, जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. संजय भंडारी को स्मृति चिन्ह प्रदान कर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया।
       बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता सिंगारे, जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. संजय भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

"> ');