धार तरण पुष्कर का सांकेतिक तैराकी प्रतिस्पर्धा के साथ शुभारंभ
जिले में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत धार तरण पुष्कर का शुभारंभ रविवार को उदय रंजन क्लब परिसर में सांकेतिक तैराकी प्रतिस्पर्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती नीना वर्मा, कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने तरण पुष्कर की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि जिले में खेल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में कई महत्वपूर्ण ड्रीम प्रोजेक्ट्स पर कार्य प्रगतिशील है, जिससे आने वाले समय में जिले को व्यापक लाभ मिलेगा। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने तरण पुष्कर परिसर का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा एवं गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्विमिंग पूल से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग ऐसे बच्चों को तैराकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने में किया जाएगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, किंतु खेल सीखने की इच्छा रखते हैं। इस पहल से जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर बच्चों को पुरस्कार भी वितरित किए गए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि धार जिले में खेलों की अपार संभावनाएं हैं। पूर्व में जिले के खिलाड़ियों द्वारा बैडमिंटन सहित अन्य खेलों में सराहनीय प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि तरण पुष्कर जैसी आधुनिक खेल सुविधाओं से भविष्य में जिले से राज्य, राष्ट्रीय एवं आगे चलकर ओलंपिक स्तर तक के खिलाड़ी तैयार हो सकते हैं, जो जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल गतिविधियां बच्चों एवं युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।