प्रति मंगलवार आयोजित जनसुनवाई में 82 आवेदन प्राप्त कलेक्टर द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर एक आवेदक को ₹5,000 की सहायता राशि प्रदान
प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में आज कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 82 आवेदन प्रस्तुत किए गए। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में सफाई व्यवस्था, अवैध भूमि कब्जा, पेंशन प्रकरण, दिव्यांगजन सहायता, रोजगार, राजस्व, नगर परिषद/नगर पंचायत, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं। सफाई व्यवस्था एवं अतिक्रमण से जुड़े प्रकरणों पर कलेक्टर द्वारा संबंधित नगरीय निकायों एवं राजस्व विभाग को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने जनसुनवाई के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर आवेदक श्री जगदीश पंवार को स्वास्थ्य उपचार हेतु जिला रेडक्रास सोसायटी के माध्यम से ₹5,000 की आर्थिक सहायता का चेक मौके पर ही प्रदान किया। वहीं दिव्यांगजन श्री जितेंद्र नर्गिस के प्रकरण में उन्हें उपयुक्त रोजगार उपलब्ध कराने हेतु सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेंशन से संबंधित आवेदनों पर सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण विभाग को शीघ्र परीक्षण कर पात्रता अनुसार लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने कहा कि जनसुनवाई शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी इस दिशा में संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर श्री संजीव कुमार पांडये सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।