*प्रभारी मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय डॉ. अम्बेडकर जयंती समारोह 13 अप्रैल को* *पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से होगा भव्य आयोजन* *जिले के सभी विकासखण्ड मुख्यालयों पर भी आयोजित होंगे कार्यक्रम
मध्य प्रदेश शासन, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग मंत्रालय और आयुक्त अनुसूचित जाति विकास, भोपाल के निर्देशों के अनुक्रम में धार जिले में डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती समारोह गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 13 अप्रैल 2026 को जिला मुख्यालय पर आयोजित होगा। यह कार्यक्रम जिले के प्रभारी मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय समारोह का आयोजन पी.जी. कॉलेज धार के ऑडिटोरियम हॉल में रखा गया है। कार्यक्रम प्रातः 11:00 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें बाबा साहब के जीवन दर्शन और उनके योगदान पर केंद्रित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। *विकासखण्ड स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम* जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के समस्त विकासखण्ड मुख्यालयों पर भी डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती का उत्साहपूर्वक आयोजन किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। *साप्ताहिक कार्यक्रमों का आयोजन जारी* उल्लेखनीय है कि जिले की विशिष्ट शैक्षणिक संस्थाओं में डॉ. अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में साप्ताहिक कार्यक्रमों की श्रृंखला संचालित की जा रही है। 08 अप्रैल से प्रारंभ हुए ये कार्यक्रम 14 अप्रैल तक चलेंगे, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को बाबा साहब के आदर्शों से अवगत कराया जा रहा है।