बंद करे

फिट इंडिया विमेंस वीक के तहत बालिकाओं को दिया गया आत्मरक्षा प्रशिक्षण* *स्वास्थ्य, फिटनेस और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

भारत सरकार द्वारा आयोजित फिट इंडिया कार्निवल 2026 के अंतर्गत जिले में फिट इंडिया विमेंस वीक का आयोजन किया जा रहा है। जिला कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री सुभाष जैन के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर शहरी परियोजना एवं ग्रामीण परियोजना के साथ धार जिले की 16 परियोजनाओं के संयुक्त तत्वावधान में 6 मार्च से 10 मार्च 2026 तक अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में फिट इंडिया विमेंस वीक मनाया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें स्वास्थ्य, फिटनेस, आत्मरक्षा तथा सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। इसके अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों जैसे आत्मरक्षा एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं, योगाभ्यास, व्यायाम जागरूकता, साइकिलिंग डे – साइकिलिंग फॉर हेल्थ, सुरक्षित परिवहन एवं सुरक्षित पर्यटन से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को प्रमुख हेल्पलाइन नंबर 181, 1098, 112, 1930 के बारे में जानकारी दी जा रही है तथा साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में वन स्टॉप सेंटर धार द्वारा शासकीय एकीकृत हाई स्कूल ज्ञानपुरा, तिरला में बालिकाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को बताया गया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त बनाता है तथा आत्मविश्वास और व्यक्तिगत सुरक्षा की भावना विकसित करता है। यह प्रशिक्षण विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा करने, संभावित खतरों को पहचानने, आत्म-जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन स्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में सहायक होता है। प्रशिक्षण के दौरान जूडो-कराटे प्रशिक्षक सुष्मिता गहलोत द्वारा बालिकाओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों और शैलियों का अभ्यास कराया गया, जिससे वे किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में स्वयं को सुरक्षित रख सकें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी बालिकाओं को स्वयं के प्रति जागरूक रहने एवं समाज में अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। बालिकाओं ने संकल्प लिया कि “मैं स्वस्थ रहूंगी, सुरक्षित रहूंगी और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करूंगी।” यह कार्यक्रम महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास, स्वास्थ्य जागरूकता तथा सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

"> ');