फिट इंडिया वीमेंस वीक के अंतर्गत महिलाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस एवं सुरक्षा के प्रति किया जागरूक* *अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न खेल, योग एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन
भारत सरकार द्वारा आयोजित फिट इंडिया कार्निवल 2026 के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले में फिट इंडिया वीमेंस वीक का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री सुभाष जैन के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर, शहरी एवं ग्रामीण परियोजना सहित धार जिले की 16 परियोजनाओं के संयुक्त तत्वावधान में 6 मार्च से 10 मार्च 2026 तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों की सहभागिता सुनिश्चित कर उन्हें स्वास्थ्य, फिटनेस, आत्मरक्षा एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान आत्मरक्षा प्रशिक्षण, सुरक्षा जागरूकता, खेल प्रतियोगिताएं, योगाभ्यास, व्यायाम, साइकिलिंग डे (Cycling for Health) सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षित परिवहन, सुरक्षित पर्यटन, प्रमुख हेल्पलाइन नंबर 181, 1098, 112, 1930 तथा साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव संबंधी जानकारी भी प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में वन स्टॉप सेंटर धार द्वारा नौगांव क्षेत्र में महिलाओं के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को माहवारी प्रबंधन के संबंध में जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि माहवारी में अनियमितता, अत्यधिक रक्तस्राव या अन्य समस्याएं होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है। साथ ही कपड़े के स्थान पर सैनिटरी नैपकिन का उपयोग करने की सलाह दी गई तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों जैसे रस्साकशी, चेयर रेस, कबड्डी एवं खो-खो का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद लिया। वहीं शहरी परियोजना द्वारा भारतीय खेल विकास प्राधिकरण परिसर में महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ साइकिलिंग, योगाभ्यास एवं विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों को बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा तनाव, चिंता और अवसाद में कमी आती है। योग से लचीलापन, ताकत, वजन प्रबंधन एवं समग्र स्वास्थ्य में सुधार होता है। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई तथा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। अंत में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वयं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर सभी ने “मैं स्वस्थ रहूंगी, सुरक्षित रहूंगी एवं अन्य महिलाओं को भी जागरूक करूंगी” का संकल्प लिया।