बंद करे

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया दौरा

मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा हेतु नियुक्त प्रेक्षक एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. भार्गव ने देदला (मनावर), कुक्षी (कन्याशाला), पड़ियाल (डही), निसरपुर तथा बाग के मतदान केंद्रों सहित जनपद केंद्रों एवं नगर पालिका क्षेत्रों में मतदाता सूची पुनरीक्षण की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ (ठस्व्े) द्वारा किए जा रहे नाम जोड़ने एवं घटाने के कार्य की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉ. भार्गव ने दावा-आपत्तियों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली तथा अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नामों को नियमों के अनुसार हटाया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मज़बूती का मूल आधार है, अतः इस कार्य में पारदर्शिता एवं गंभीरता सर्वाेपरि होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ एवं क्षेत्रीय अधिकारियों से संवाद करते हुए मतदाता जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि “हर पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त है, और यह अधिकार तभी सार्थक होगा जब सभी अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएँ।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन का दायित्व है कि वह ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में घर-घर तक पहुँचकर लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करे। प्रेक्षक डॉ. भार्गव ने पड़ियाल मतदान केंद्र पर मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए प्रपत्रों की जांच की और स्थानीय अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर दावे-आपत्तियों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कुक्षी नगर पालिका क्षेत्र में उन्होंने फील्ड विज़िट कर बीएलओ की उपस्थिति और कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया। मनावर में निरीक्षण के दौरान डॉ. भार्गव ने जनपद अधिकारियों से समीक्षा बैठक लेकर अब तक की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जनता के विश्वास को सशक्त करने का अभियान है। निरीक्षण कार्यक्रम के उपरांत प्रेक्षक डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की गति और गुणवत्ता दोनों ही संतोषजनक होनी चाहिए ताकि आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में मतदाता सूची पूर्ण, सटीक और अद्यतन स्वरूप में प्रस्तुत हो सके।

"> ');