मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याएं सुनीं जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई में 65 आवेदन आए
प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के अंतर्गत आज जिला पंचायत धार के सभाकक्ष में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 65 आवेदन प्रस्तुत किए गए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चौधरी ने जनसुनवाई के दौरान प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना तथा प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को अग्रेषित करते हुए समय-सीमा में त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में राहगीर योजना का लाभ दिलवाने, वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिलाने, अनुकंपा नियुक्ति दिलवाने, मंदिर की भूमि से अतिक्रमण हटाने, भूखंडों से अतिक्रमण हटाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, आर्थिक सहायता प्रदान करने, सरदार सरोवर परियोजना के डूब प्रभावितों को मुआवजा एवं पट्टा दिलाने, आम रास्तों से अतिक्रमण हटाने, ईलाज हेतु आर्थिक सहायता प्रदाय करने, सुवापुस्तिका में अर्जित अवकाश की प्रतिविष्ट एवं नगदीकरण का लाभ दिलाने, आंगनवाडी प्रतिनियुक्ति पर आपत्ति दर्ज कराने, सर्पदंश से मृत्यु होने पर आर्थिक सहायता स्वीकृत करने, कुम्हारों को मिट्टी पर रॉयल्टी पर छूट प्रदान करने, विद्युत बिल की राशि अधिक देने के संबंध में फसल बीमा का लाभ दिलवाने से संबंधित समस्याओं के निराकरण से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चौधरी ने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखते हैं। प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।