राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत वरिष्ठजनों हेतु हॉलिस्टिक वेल-बीइंग शिविर आयोजित
राष्ट्रीय आयुष मिशन अंतर्गत आयुष विभाग, मध्यप्रदेश शासन एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण संचालनालय, भोपाल के आदेशानुसार तथा कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में वरिष्ठजनों के लिए हॉलिस्टिक वेल-बीइंग शिविर का आयोजन मांगलिक भवन, मेला मैदान, मनावर में किया गया। शिविर का शुभारंभ वरिष्ठजनों की उपस्थिति में भगवान धन्वंतरि जी के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। शिविर में सर्वप्रथम उपस्थित वरिष्ठजनों को योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। जिससे शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक शांति एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि हो सके। तत्पश्चात बीपी, शुगर, वात रोग, नेत्र रोग, उदर रोग आदि का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश चौहान के नेतृत्व में डॉ. मुन्नालाल, डॉ. उमेश मुजाल्दा, डॉ. सरदार मालवीय, डॉ. दीपिका ओहरिया, डॉ. रणछोड़ बघेल एवं डॉ. विनीता मुलेवा द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं औषधि वितरण किया गया। इस शिविर में कुल 224 वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।