लीड बैंक द्वारा बीएलबीसी बैठक का आयोजन विकासखंड मनावर में
लीड बैंक के तत्वावधान में जिला धार के विकासखंड मनावर में ब्लॉक लेवल बैंकर्स कमेटी (BLBC) की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में तहसील मनावर, सीईओ जनपद पंचायत मनावर, सीएमओ नगर परिषद मनावर, विभिन्न विभागों के विकासखंड एवं जिला स्तरीय अधिकारी तथा सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों ने सहभागिता की। बैठक का शुभारंभ अग्रणी जिला प्रबंधक धार श्री बलराम बैरागी द्वारा स्वागत उद्बोधन के साथ किया गया। तहसीलदार मनावर श्री विजय तलवारे ने आरआरसी वसूली पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि आरआरसी नोटिस संबंधित ऋणियों तक समय पर पहुंचाए जाएं, जिससे वसूली प्रभावी रूप से की जा सके। बैठक में शासन की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष में विभिन्न पोर्टलों पर लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति पर चर्चा की गई। विशेष रूप से पीएम स्वनिधि, पीएमएफएमई, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, उद्यम क्रांति योजना, टंट्या मामा योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना, डेयरी केसीसी एवं मत्स्य पालन केसीसी से संबंधित सभी पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक (DDM) श्रीमती सौदामिनी माईणकर ने कृषि अवसंरचना निधि (AIF) योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए चालू वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु बैंकों से सहयोग का अनुरोध किया। वहीं जीएम, जिला उद्योग केंद्र (DIC) द्वारा हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत लंबित प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत करने का अनुरोध किया गया, जिससे समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित की जा सके। जिला परियोजना प्रबंधक (DPM), एनआरएलएम द्वारा बैंकों से ग्राम संगठनों के खाते शीघ्र खोलने एवं मुद्रा ऋण आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत करने का आग्रह किया गया। आरसेटी (RSETI) निदेशक श्री कालीचरण सेमें द्वारा विभिन्न स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। सीएफएल (CFL) प्रतिनिधि ने वित्तीय साक्षरता शिविरों के माध्यम से आमजन को बैंकिंग सेवाओं से अवगत कराने की जानकारी दी तथा 10 फरवरी 2026 को लगभग सभी विकासखंडों में साइबर धोखाधड़ी से बचाव हेतु मेगा कैंप आयोजित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि सीएम हेल्पलाइन में वित्त विभाग (लीड बैंक) की श्रेणी में मध्यप्रदेश स्तर पर धार जिला टॉप-10 जिलों में शामिल है। इस उपलब्धि के लिए अग्रणी जिला प्रबंधक श्री बलराम बैरागी द्वारा सभी अधिकारियों एवं बैंकर्स के समन्वित प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया गया।