बंद करे

लोक निर्माण विभाग धार ने चलाया वृक्षारोपण महाअभियान, 1300 पौधे किए गए रोपित

हरियाली को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लोक निर्माण विभाग धार संभाग द्वारा आज वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत कुल 1300 पौधों का रोपण किया गया। यह वृक्षारोपण सड़कों के किनारे, रेस्ट हाउस परिसरों और विभागीय कार्यालयों में किया गया। इस अभियान का शुभारंभ नागदा-करोद-बरमंडल मार्ग पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के करकमलों द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। मंत्री श्रीमती ठाकुर ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में लोक निर्माण विभाग की यह पहल अनुकरणीय है। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभाग द्वारा लगाए गए पौधों में नीम, पीपल, आम, गुलमोहर, करंज जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी और छायादार प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई। लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री बबीता सोनेकर ने बताया कि यह महाअभियान केवल एक दिन की गतिविधि नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण और उनके पोषण की भी पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे ये पौधे भविष्य में बड़े होकर पर्यावरण के लिए उपयोगी बन सकें। इस अभियान से जनजागृति का वातावरण भी बना और स्थानीय लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना जागृत हुई। विभाग ने संकल्प लिया है कि आगामी दिनों में भी इस तरह के वृक्षारोपण कार्यक्रम सतत रूप से आयोजित किए जाएंगे।

"> ');