*विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम एवं साइकिल मैराथन का आयोजन* *उपभोक्ताओं को वस्तु खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, मानक एवं अन्य विवरणों पर विशेष ध्यान देना चाहिए
विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष धार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही भारतीय खेल प्राधिकरण, जिला धार के समन्वय से उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइकिल मैराथन दौड़ का आयोजन भी किया गया। साइकिल मैराथन दौड़ को जिला उपभोक्ता आयोग धार के सदस्य श्री दीपेंद्र शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया तथा प्रतिभागियों को फिट इंडिया की शपथ भी दिलाई गई। यह मैराथन भारतीय खेल प्राधिकरण से प्रारंभ होकर रुद्राक्ष होटल, इंदौर नाका मार्ग से होते हुए पुनः खेल प्राधिकरण पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर सभी को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस की शुभकामनाएं दी गईं तथा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के बारे में जानकारी प्रदान की गई। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित मुख्य कार्यक्रम जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य श्रीमती हर्षा रूणवाल के मुख्य आतिथ्य एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) धार श्री राहुल गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा उपभोक्ता जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रस्तुत की गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग से अभिहित अधिकारी श्री सचिन लोंगरिया ने बताया कि खाद्य पदार्थों की बिक्री हेतु खाद्य लाइसेंस की अवधि अब आजीवन कर दी गई है, जिससे विक्रेता अपने व्यवसाय पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि चलित खाद्य प्रयोगशाला (मोबाइल फूड लैब) भी कार्यशील है, जिसमें कोई भी व्यक्ति निर्धारित शुल्क जमा कर खाद्य पदार्थों का परीक्षण करवा सकता है। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री श्रीराम बरडे ने अपने उद्बोधन में कहा कि उपभोक्ताओं को वस्तु खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, मानक एवं अन्य विवरणों पर विशेष ध्यान देना चाहिए और छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री राहुल गुप्ता ने कहा कि ग्रामीण स्तर तक उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ऑनलाइन खरीदारी करते समय विशेष सावधानी बरतने की भी सलाह दी। कार्यक्रम में उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के विभिन्न प्रावधानों तथा उपभोक्ता आयोग द्वारा उपभोक्ताओं को दिए जाने वाले न्याय के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि श्रीमती हर्षा रूणवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं को ठगी से बचने के लिए स्वयं जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सस्ती वस्तु खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और सुरक्षा का भी मूल्यांकन अवश्य करना चाहिए। नापतौल अधिकारी द्वारा भी नापतौल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में खाद्य विभाग से सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री आशीष जोशी एवं श्री दिलीप मनवारे, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री राहुल मंडलोई एवं श्री लक्ष्य पैट्रिक भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभिन्न उपभोक्ता संगठनों के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए, जिनमें म.प्र. राज्य उपसचिव अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन श्री सतीश वर्मा, श्रीमती लेखा शर्मा (महिला जागरूक उपभोक्ता संगठन), श्री साबिर खान (सदस्य जागरूक उपभोक्ता संगठन), श्री राजेश शर्मा (संभागीय प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार), डॉ. अशोक शास्त्री (संभागीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन), श्री धर्मेन्द्र जोशी (जिला अध्यक्ष, अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन) एवं श्री शैलेन्द्र तिवारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में उपभोक्ता अधिकारों की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के अंत में सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री दिलीप मनवारे द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सुश्री शालिनी सिंह राठौड़ द्वारा किया गया।