“संकल्प से समाधान अभियान” के तहत विभिन्न विभागों की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाए जाने के निर्देश कलेक्टर की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक सम्पन्न
कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में “संकल्प से समाधान अभियान”, बोर्ड परीक्षाओं सहित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने “संकल्प से समाधान अभियान” की विस्तृत समीक्षा कर विभिन्न विभागों की कल्याणकारी हितग्राही मूलक योजनाओं का सुगमता से जनसामान्य को लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अभियान के अंतर्गत समय-सीमा में पारदर्शी तरीके से गतिविधियां सुनिश्चित की जाकर प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बैठक में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा की। माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्यप्रदेश भोपाल के अनुसार वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड मुख्य परीक्षाओं के निष्पक्ष संचालन, अनुचित साधनों (नकल) के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध एवं नियंत्रण संबंधी कार्य सम्पादन हेतु जिला स्तरीय उड़न दस्तों का गठन किया जाकर उड़न दस्ते में अधिकारियों/कर्मचारियों को कार्य सम्पादन हेतु आदेशित किया गया है। यह दल शासन एवं मण्डल द्वारा जारी निर्देशों का पालन एवं नकल रोकने के लिये यथोचित कार्य करेंगे। प्रत्येक दल संबंधित विकासखण्ड अथवा जिले में निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में से प्रतिदिन परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया जाएगा। किसी भी परीक्षा केन्द्र पर सामूहिक नकल अथवा अन्य अव्यवस्था पाये जाने पर तत्काल अवगत कराए जाने के निर्देश दिए । बैठक में सीएम हेल्पलाइन 181 पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लंबित मामलों को तेजी से निपटाने और ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट सुनिश्चित करने को कहा। सीएम हेल्पलाइन की पुरानी शिकायतों पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्ती से निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा योजनाओं का लाभ समय पर हितग्राहियों तक पहुंचे, यह सभी अधिकारी गंभीरता से सुनिश्चित करें।
बैठक में जिले की विभिन्न जलप्रदाय पाइप लाईन में जल प्रदूषण को रोकने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना अंतर्गत सोलर पंप स्थापना के संबंध में आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। भू अर्जन के लंबित प्रकरणों को समय सीमा में निराकृत किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रकरणों, जनहित से जुड़े आवेदनों, न्यायालयीन मामलों, योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की स्थिति की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने विभागवार प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समय-सीमा पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।