पर्यटन क्विज 2025 का आयोजन एक अगस्त को
म.प्र.पर्यटन क्विज प्रतियोगिता के आयोजन संबंधी निर्देश जारी किये गये हैं। जिसमें म.प्र.पर्यटन क्विज का आयोजन एक अगस्त को समूचे प्रदेश में एक साथ होगा। इसमें प्रदेश के समृद्धशाली इतिहास, परम्पराओं, ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विविधता, कला, महापुरूषों, पर्यटन, आजादी का अमृत महोत्सव आदि से विद्यार्थियो को अवगत एवं जागरूक कराने हेतु विद्यार्थियो द्वारा सहभागिता की जावेगी। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने बताया कि म.प्र. पर्यटन क्विज 2025 में जिले के शासकीय, अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वी तक के विद्यार्थी भाग ले सकेगें। प्रत्येक विद्यालय से 3 विद्यार्थियों का एक दल सहभागिता करेगा, जिसका चयन विद्यालय स्तर पर प्राचार्य, संस्था प्रमुख द्वारा किए जाने के निर्देश दिए है। म.प्र.पर्यटन क्विज 2025 हेतु पंजीयन 18 जुलाई तक रहेगी। पंजीयन ऑनलाईन म.प्र. टूरिज्म बोर्ड की लिंक https://www.mptourism.com/tourismquiz2025/schools/ पर किया जावेगा। सम्पूर्ण जानकारी भरने के उपरांत फार्म को सबमिट करके उक्त फार्म का प्रिंट लिया जाकर स्कूल प्राचार्य की सील एवं हस्ताक्षर कराये जाकर परीक्षा केन्द्र पर साथ लेकर आना होगा है। म.प्र. पर्यटन क्विज 2025 का जिला स्तर पर आयोजन दो चरणों में होगा। प्रथम चरण में सभी पंजीकृत विद्यालयों के दल लिखित प्रश्न पत्र हल करेगें, जिसमें मध्यप्रदेश के समृद्धशाली इतिहास, परम्पराओं, ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विविधता, कला, महापुरूषों, अध्यात्म, फिल्मों आदि से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जायेंगे। लिखित परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 6 दल द्वितीय चरण के मल्टीमिडिया राउण्ड में सहभागिता करेगें। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त दल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगा। जिला स्तर पर प्रथम 3 स्थानों पर रहे दलों को म.प्र.राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित होटलों में 2 रात्रि 3 दिन तथा 4,5,6 स्थान पर रहे दलों को एक रात्रि 2 दिन (आवास, भोजन सुविधायुक्त) ठहरने संबंधी कूपन प्रदान किये जायेंगे। साथ ही इन दलों को मप्र. राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा निर्धारित टूर अनुसार पर्यटक स्थल का भ्रमण भी कराया जायेगा। पूर्व के वर्षों में जिले में पर्यटन क्विज का सफल आयोजन किया जा चुका है। गत वर्ष जिले के 222 विद्यालयों द्वारा सहभागिता की गई थी। इस वर्ष जिले में 300 से अधिक शाला सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उल्लेखनीय है कि विगत वर्षों में पर्यटन क्विज में निजी विद्यालयों द्वारा बहुत कम सहभागिता की गई है। अतः इस वर्ष निजी विद्यालयों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे पर्यटन क्विज 2025 को सफल बनाने हेतु व्यापक प्रचार प्रसार कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को पंजीकृत किया जाना सुनिश्चित करे। म.प्र.पर्यटन क्विज 2025 से संबंधित और अधिक जानकारी के लिए श्री प्रवीण शर्मा, क्विज मास्टर से मोबाइल नम्बर 9425045818 से सम्पर्क किया जा सकता है। उक्त अनुसार सभी निर्देशों का समय सीमा में पालन सुनिश्चित किया जावे।