सांदीपनि विद्यालय में जन्माष्टमी पर्व मनाया गया धूमधाम से, नृत्य नाटिकाओं ने दर्शकों का मन मोहा
शहर के घोड़ा चौपाटी स्थित सांदीपनि विद्यालय (सीएम राइज विद्यालय) में जन्माष्टमी का पर्व हर्ष उल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। जन्माष्टमी पर्व समारोह में विद्यार्थियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से सम्बन्धित अनेकों रोचक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यालय के प्राचार्य डॉ स्मृति रत्न मिश्र के द्वारा जन्माष्टमी कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन कर किया गया। समारोह में प्राचार्य डॉ मिश्र ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से संबंधित अनेकों प्रसंगो का रोचक तरीके से वर्णन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवनचरित्र से संबंधित विभिन्न प्रकार के नाटकों और नृत्य नाटिकाओं से दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती कुसुम लश्करी और मेघना शर्मा ने भगवान कृष्ण से सम्बन्धित भजनो का गायन किया। समारोह के अंत में मटकी फोड़ने का कार्यक्रम भी रखा गया। इस अवसर पर सांदीपनि विद्यालय के समस्त विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सोनी शर्मा के द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन श्री राकेश मुकाती के द्वारा किया गया।