दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान का द्वितीय चरण प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
प्रदेश के किसानों की पशुपालन के माध्यम से आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को दोगुना करने के लक्ष्य को पूर्ण करने के उद्देश्य से प्रमुख सचिव श्री उमाकांत उमराव के निर्देशानुसार जिला धार में ‘‘दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान’’ का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम 2 दिसंबर से प्रारंभ किया गया। जिसका अंतिम प्रशिक्षण शुक्रवार को स्थानीय कृषि विज्ञान केन्द्र पर सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, डॉ. राकेश सिंह सिसोदिया द्वारा जिले में कृत्रिम गर्भाधान कार्य में सर्वाेत्कृष्ट कार्य करने वाले 2 पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, दो सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी, 2 मैत्री कार्यकर्ताओं तथा 2 अच्छा कार्य करने वाली महिला कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। ‘‘दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान’’ द्वितीय चरण 17 दिसम्बर 2025 से प्रारंभ किया जा रहा है। अभियान के द्वितीय चरण में 5 से 9 गौवंश-भैंसवंश पालन करने वाले पशुपालकों से सम्पर्क कर तथा व्यापक प्रचार-प्रसार कर गुणवत्तापूर्ण ढंग से प्रभावी क्रियान्वयन किया जाने के निर्देश दिये गये है। द्वितीय चरण में सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी, मैत्री कार्यकर्ता द्वारा पशुपालकों से गृह भेंट की जावेगी, तथा उन्हें पशुओं में नस्ल सुधार, पशु स्वास्थ्य एवं पोषण के सम्बन्ध में जागरूक किया जावेगा। साथ ही पशुओं में टैग लगाने सम्बन्धी जानकारी भी एकत्र की जावेगी। इस कार्य के लिए मैत्री कार्यकर्ता को उनके द्वारा किये जा रहे कार्य के आधार पर मानदेय भी दिया जावेगा। उपस्थित समस्त मैदानी कार्यकर्ताओं ने द्वितीय चरण अभियान को सफलतापूर्वक सम्पादित करने तथा करवाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।