महाराजा भोज की सारस्वत साधना पर केंद्रित होगा भोज समारोह* *धार पीजी कालेज में 30 जनवरी को होगा आयोजन
कालिदास संस्कृत अकादमी, मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद, उज्जैन के तत्वावधान में महाराजा भोज के विराट व्यक्तित्व और उनकी ‘सारस्वत साधना’ को केंद्र में रखकर भोज समारोह का आयोजन 30 जनवरी को किया जा रहा है। यह आयोजन महाराजा भोज फाउंडेशन धार एवं महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। समारोह प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगा। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री कालेज आफ एक्सीलेंस, महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार के सभागृह में किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में विद्या, संस्कृति और इतिहास के विविध आयामों पर सारगर्भित विमर्श होगा। समारोह की मुख्य अतिथि धार विधायक नीना वर्मा होंगी। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दीपक बिड़कर, पूर्व अध्यक्ष जनभागीदारी समिति, महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता डा. एसएस बघेल, प्राचार्य, प्रधानमंत्री कालेज आफ एक्सीलेंस, महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार करेंगे। सारस्वत अतिथि के रूप में प्रो. शिवाकान्त द्विवेदी (ग्वालियर) सहभागिता करेंगे। अकादमी के निदेशक डा.गोविंद गंधे ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन का संस्कृति विभाग प्रदेश की ऐतिहासिक विभूतियों के व्यक्तित्व और कृतित्व को उजागर करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में विविध आयोजन कर रहा है। इसी कड़ी में धार में भोज समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 30 जनवरी को प्रधानमंत्री कालेज आफ एक्सीलेंस महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रातः 10 बजे शोध संगोष्ठी आयोजित होगी। संगोष्ठी में आमंत्रित विद्वान “महाराजा भोज एवं उनकी सारस्वत साधना” विषय पर केंद्रित शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। यह आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परंपरा और मध्यभारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं साहित्य प्रेमियों की सहभागिता अपेक्षित है।